मंदसौर में तेज रफ्तार कार बाइक को टक्कर मार कुएं में गिरी , 12 की मौत 3 गंभीर रूप से घायल
मंदसौर।
मंदसौर जिले में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई और 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब तेज रफ्तार से जा रही एक ईको कार ने पहले एक मोटरसाइकिल से टक्कर मारी और फिर सीधे एक कुएं में जा गिरी। हादसा नरायनगढ़ थाना क्षेत्र के चकरिया गांव में हुआ।
कार में सवार 13 लोगों के कुएं में गिरते ही वाहन से एलपीजी गैस लीक होने लगी, जिससे लोगों का दम घुटने लगा। इसी बीच गांव के युवक मनोहर सिंह ने लोगों को बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी, लेकिन गैस लीक के कारण वह भी शहीद हो गया। उनकी बहादुरी की कहानी पूरे इलाके में सुनी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी, एसडीएम और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से कार को कुएं से निकाला गया। इसमें एक महिला, एक बच्चा और एक किशोर को जिंदा बचाया गया, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, बाकी 12 लोगों को बचाया नहीं जा सका।
सीएम यादव ने जताया दुःख , मृतक के परिवारजनों को 2-2 लाख , गंभीर घायलों को 1-1 लाख की सहायता
मंदसौर जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में गहरे कुएं में कार गिर जाने से बारह लोगों की असामयिक मृत्यु का दुखद समाचार मिला है। स्थानीय प्रशासन ने बचाव कार्य करते हुए हादसे में हुए घायलों को इलाज हेतु नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता कोष से प्रत्येक मृतक के परिवारजनों को 2-2 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए और सामान्य रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश दिए है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्यात्मा को शांति प्रदान कर अपने श्री चरणों में स्थान दें। दुख की इस घड़ी में परिवारजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति दें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
No comments