केन-बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड का नया इतिहास-डॉ. मोहन यादव
सागर।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सागर के गौरव दिवस एवं जनकल्याण पर्व पर कहा है कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखंड की तस्वीर और तकदीर बदलेगी। डॉ. यादव ने सागर के गौरव दिवस एवं जनकल्याण पर्व पर नागरिकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महाराजा छत्रसाल और आल्हा-ऊदल के शौर्य और बलिदान के लिए यह बुंदेलखंड की धरा जानी जाती है। अब बुंदेलखंड क्षेत्र का नया इतिहास लिखा जाएगा जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 दिसम्बर को छतरपुर जिले के खजुराहो में नदी जोड़ने की परिकल्पना को साकार करने के लिए केन-बेतवा लिंक परियोजना का भूमिपूजन करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा जब मुझे मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ कार्यक्रम में सम्मिलित होने का निमंत्रण प्राप्त हुआ तो मेरे मन में सागर में बिताए मेरे बचपन के दिन याद आ गए। यहां की अनेक स्मृतियां मेने मन में है, आज वे सारी यादें ताजा हो गई। उन्होंने कहा मैं अपने पैतृक स्थान पर आया हूं। सागर मेरे लिए केवल एक शहर नहीं बल्कि मेरे जीवन का एक अविभाज्य हिस्सा हैं। मेरे पिताजी यहाँ महार रेजीमेंट में पदस्थ थे और उस दौरान उनकी पोस्टिंग सागर में थी। इस भूमि से मेरा अटूट रिश्ता रहेगा।
भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेगी सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने कई कठोर निर्णय लिए हैं, जिनमें टोल बैरियर पर वसूली बंद करने का निर्णय भी एक है। राज्य सरकार किसी भी तरह के भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेगी। इसके लिए जिस भी स्तर पर आवश्यक होगा सरकार द्वारा कार्यवाही की जाएगी। सुशासन के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।

No comments