खजुराहो नृत्य महोत्सव में बनेगा विश्व रिकॉर्ड
कथक कुंभ में 1500 से अधिक कलाकार प्रस्तुति देंगे
50वें खजुराहो नृत्य महोत्सव का आयोजन 20 से
भोपाल। सूर्यप्रभात
देश की समृद्ध संस्कृति और विरासत के उत्सव का शुभारंभ 20 फरवरी से खजुराहो नृत्य महोत्सव के रूप में होने जा रहा है। यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो की धरती एक बार फिर शास्त्रीय नृत्य की गरिमामय प्रस्तुतियों से गुंजायमान होगा, जिसमें प्रथम दिवस 20 फरवरी, को कथक नृत्य के 1500 से 2000 कलाकारों द्वारा सामूहिक नृत्य ‘‘कथक कुंभ’’ प्रस्तुत कर ‘‘विश्व रिकॉर्ड’’ स्थापित किये जाने का लक्ष्य रखा गया है। बुंदेलो की धरती पर देशभर से पधारने वाले प्रतिष्ठित लोक नर्तक समारोह आयोजन संस्कृति विभाग के अंतर्गत उस्ताद अलाउद्दीन खान संगीत एवं कला अकादमी द्वारा पर्यटन विभाग, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और मध्य प्रदेश संस्कृति परिषद के संयुक्त प्रयासों से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव होंगे मुख्य अतिथि
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ,विशिष्ट अतिथि के रूप में खजुराहो सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा उपस्थित रहेंगे। समारोह की अध्यक्षता संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी करेंगे।
नृत्य महोत्सव इस वर्ष मना रहा अपना स्वर्ण जयंती वर्ष
1975 में शुरू हुआ खजुराहो नृत्य महोत्सव इस वर्ष अपना स्वर्ण जंयती वर्ष मना रहा है। इस उपलब्धि को खास एवं यादगार बनाने के संस्कृति विभाग द्वारा कथक कुंभ का आयोजन किया जा रहा है। प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति विभागशिव शेखर शुक्ला ने कहा, ‘खजुराहो नृत्य समारोह को शुरू करने का उद्देश्य शास्त्रीय नृत्यों का संरक्षण ही नहीं अपितु इसके इतर शास्त्रीय नृत्य द्वारा कला के परमोत्कर्ष की अनुभूति कला रसिकों को करवाने एवं इससे जुड़े सभी कलाकारों को प्रोत्साहित करना है। विश्व रिकॉर्ड के अलावा महोत्सव में पहली बार लयशाला का आयोजन होगा। इसमें भारतीय नृत्य शैलियों के अपनी विधा के श्रेष्ठ गुरूओं के साथ शिष्यों का संगम और कार्यशालाएं होंगी’।
रोमांच प्रेमियों को म.प्र. टूरिज्म की ओर से मिलेगी सौगात
महोत्सव के दौरान खजुराहो में देश-विदेश से पहुंचने वाले सैलानियों को रोमांच का अनुभव भी मिलेगा। म.प्र. टूरिज्म बोर्ड द्वारा विभिन्न रोमांचक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। रोमांच प्रेमियों के लिए स्काई डाईविंग (20-25 फरवरी 2024), कैम्पिंग, ट्रेल जॉय राइड, वाटर एडवेंचर, स्पीड बोट, बनाना राईड, शिकारा बाईड, ऱॉफ्टिंग, विलेज टूर, ई-बाइक टूर, रानेह फॉल टूर, दतला पहाड़, सेगवे टूर, खजुराहो नाईट टूर, फॉर्म टूर जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।
मध्यप्रदेश रूपंकर कला पुरस्कार/प्रदर्शनी एवं अलंकरण:
शुभारम्भ अवसर पर मध्यप्रदेश रूपंकर कला पुरस्कार/प्रदर्शनी एवं अलंकरण होगा। इसमें राज्य शासन द्वारा प्रदेश के विख्यात रूपंकर कलाकारों के नाम से स्थापित दस राज्य स्तरीय पुरस्कार चयनित कलाकारों को प्रदान किये जाएंगे। अलंकृत कलाकारों को पुरस्कार स्वरूप सम्मान राशि प्रदान करते हुए प्रशंसा पत्र, शॉल व श्रीफल से सम्मानित किया जाएगा।

No comments