Header Ads

Header ADS

मध्यप्रदेश को बनाएंगे दो साल में देश की मिल्क कैपिटल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 


भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हम सभी को प्रकृति के प्रति कृतज्ञ भाव रखते हुए उसका पूजन और संरक्षण करना चाहिए। गोवर्धन पूजा हमारी आस्था, परम्परा और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठ अंगुली पर पूरा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और उनके पशुधन को जलप्रलय से बचाया था। मानवता की रक्षा और सामूहिक सहयोग का इससे उत्कृष्ट उदाहरण दूसरा नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समाज से अलग नहीं है। सामाजिक आयोजनों में सरकार की भागीदारी जरूरी है इसलिए अब समाज के सभी प्रकार के आयोजनों में सरकार बढ़ चढ़कर शामिल होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में श्वेत क्रांति 2.0 के माध्यम से डेयरी सहकारिता को मजबूत किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य अगले दो वर्षों में मध्यप्रदेश को देश की मिल्क कैपिटल बनाना है। इसके लिए दुग्ध संकलन क्षमता 12 लाख से बढ़ाकर 52 लाख किग्रा प्रतिदिन करने का लक्ष्य लिया गया है। उन्होंने कहा कि गौसेवा के साथ पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि भी सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में गौ-एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाई जाएगी तथा आधुनिक और आत्मनिर्भर गौशालाओं का विकास किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी प्रदेशवासियों से गौवंश संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा और गांवों को समृद्ध बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सबके सहयोग और भागीदारी से ही हम आत्मनिर्भर मप्र का निर्माण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को रवीन्द्र भवन में आयोजित राज्यस्तरीय गौ-पूजन और पशुपालक सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए हमें उन्नत नस्ल के पशुओं (गौवंश) का पालन करना होगा। देशी गायों के अलावा गिर और साहीवाल गायों से अधिक दुग्ध उत्पादन होता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने मध्यप्रदेश को गुजरात की तर्ज पर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए भोपाल में उन्नत नस्ल की गायों के भ्रूण उत्पादन का केन्द्र खोलने की मंजूरी दे दी है। इस केन्द्र में 1 लाख भ्रूण प्रतिवर्ष पैदा किए जाएंगे। इससे प्रदेश में उन्नत नस्ल की गायों के पालन के अलावा दुग्ध उत्पादन में भी वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि भोपाल के बरखेड़ी डोब में 10 हजार की गौवंश की क्षमता वाली एक हाईटेक गौशाला का निर्माण भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पशुपालन को बड़े स्तर पर बढ़ावा देने के लिए पशुपालकों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना भी जरूरी है। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के अंतर्गत 25 दुधारु गाय या भैंसों की इकाई स्थापित करने पर 42 लाख रुपये तक की ऋण सहायता और 13 लाख 86 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है। डेयरी क्षेत्र में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए पूरी डेयरी वैल्यू चेन नेटवर्क शत-प्रतिशत डिजीटल किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रिमोट का बटन दबाकर सिंगल क्लिक से प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में निवासरत 5 लाख 51 हजार से अधिक गौवंश के भरण-पोषण के लिए कुल 65.66 करोड़ रुपये अनुदान राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री ने गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत प्रदेश के 466 उत्कृष्ट पशुपालकों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के रूप में कुल 2.95 करोड़ रुपये इनके बैंक खातों में अंतरित किए। मुख्यमंत्री ने मंच से प्रदेश के टॉप-10 पशुपालकों/दुग्ध उत्पादकों, जिनमें श्री गौरव रघुवंशी, श्री ज्ञानेश्वर पटेल, श्री सुनील सिंह पंवार, श्री कुशल सिंह दांगी, श्री नर्मदा प्रसाद पटेल, श्री विक्रम सिंह मीणा, श्री रामबाबू, श्री छतरसिंह धाकड़, श्री राजेश पाटीदार, श्री मुकेश वर्मा, श्री मोहनलाल प्रसाद, श्री हरगोविंद पटेल एवं श्री संतोष कुमार को प्रशस्ति पत्र एवं 56 भोग की थाल भेंटकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गौसेवकों/गौशाला संचालकों श्री प्रेमीचंद्र जैन, श्री सूरज परमार, श्री ब्रिजेश व्यास, श्री प्रहलाद दास मंगल को बीते कई सालों से गौसेवा में संलग्न रहने के लिए सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि उज्जैन जिले के ग्राम तालोद के गौरव रघुवंशी की गिर गाय ने 19.760 लीटर प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने पुरस्कार विजेता सभी पशुपालकों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गौपालन केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार भी है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला हमें प्रकृति के सम्मान, गौवंश के संरक्षण और समाज के साथ मिलकर चलने की सीख देती है। प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी हमारा जीवन सुखी और समृद्ध रहेगा। श्रीकृष्ण ने 5 हजार साल पहले ही यह सुनिश्चित किया कि हमारी प्रकृति और वन और चराचर जगत पर सबका बराबर अधिकार है। श्रीकृष्ण ने सच्चे अर्थों में गौपालन को बढ़ावा दिया। उन्होंने गौमाता की सेवा से समाज को यह संदेश दिया कि ममतामयी माता के रूप में गौमाता मनुष्य के आर्थिक विकास की धुरी है। दूध के अलावा इसके गोबर से खाद बनती है। यही खाद जैविक खेती और प्राकृतिक खेती को समृद्ध बनाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी निराश्रित गौमाताओं को निकटतम गौशालाओं में भेजा जा रहा है। गौशालाओं की मजबूती और गौशालाओं में संरक्षित गौवंश को पौष्टिक आहार देने के लिए प्रति गाय दी जाने वाली अनुदान राशि 20 रुपये से बढ़ाकर अब 40 रुपये प्रति गाय कर दी है। उन्होंने कहा कि सिर्फ खेती (कृषि) से ही समृद्धि नहीं आएगी, इसके लिए किसानी अर्थात पशुपालन (गाय, भैंस, बकरी पालन) सहित मछली पालन, उद्यानिकी फसलों का उत्पादन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती भी जरूरी है। राज्य सरकार इन सबको प्रोत्साहित कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राकृतिक खेती के मामले में मध्यप्रदेश देश में पहले नंबर पर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में अब बड़े पशु मेले भी लगाए जाएंगे। इन पशु मेलों में कृषि एवं पशुपालन विभाग द्वारा उन्नत एवं आधुनिक कृषि यंत्रों सहित उन्नत नस्ल के गौवंश भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इससे किसानों को दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए उन्नत नस्ल के पशुओं के पालन की जानकारी मिलेगी।

No comments

Powered by Blogger.