उत्तराखंड की बेटी न होती तो अखिलेश सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते - योगी आदित्यनाथ
लखनऊ .
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी न होती तो अखिलेश सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते. योगी का इशारा अखिलेश की पत्नी और सांसद डिंपल यादव की तरफ था, जो उत्तराखंड से आती हैं. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वह पिछले दिनों एक व्यक्ति का बयान सुन रहे थे, जिसमें उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताया जा रहा था.सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री भी उत्तराखंड से थे. इसके बाद अखिलेश पर तंज कसते हुए योगी ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी न होती तो अखिलेश सैफई में भैंस चरा रहे होते.
इस पूरे विवाद की शुरुआत उत्तराखंड के लोगों को लेकर अखिलेश यादव के बयान से हुई थी. SIR के मसले पर बोलते हुए अखिलेश ने उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा घुसपैठिए उत्तराखंड के होने की बात कही थी. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी उत्तराखंड वापस भेजने की टिप्पणी की थी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में उत्तराखंड महोत्सव में पहुंचे तो उन्होंने अखिलेश के उस बयान का जिक्र करते हुए तंज कसा.
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि मां गंगा उत्तराखंड से आती हैं. यमुना और सरयू का भी उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इतनी छोटी और संकुचित सोच नहीं होनी चाहिए. योगी ने आरोप लगाया कि जो लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों से गले मिलते हैं और उनके सामने नाक रगड़ते हैं, वही देवभूमि उत्तराखंड के लोगों के प्रति जहर उगलने का काम करते हैं.
अखिलेश का पलटवार, बोले- गोपालकों का अपमान अक्षम्य
मुख्यमंत्री योगी के बयान पर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए पलटवार किया. सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री पर गोपालकों का अपमान करने और प्रकारांतर से भगवान श्रीकृष्ण का अपमान करने का आरोप लगाया. अखिलेश ने लिखा कि गोपालकों का अपमान अक्षम्य है. उन्होंने मुख्यमंत्री पर भगवान राम, भगवान शिव और भगवान कृष्ण के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया. अखिलेश ने वाराणसी में पाल समाज के साथ कथित दुर्व्यवहार और राजमाता अहिल्याबाई होल्कर से जुड़ी प्रतिमा के अपमान का मुद्दा भी उठाया.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राम मंदिर में चढ़ावे, चंदे और दान की कथित चोरी का मामला उठाते हुए भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता स्थापित करने की कोशिश में धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है. अखिलेश ने अपने पोस्ट में एक दूसरे नेता पर भी निशाना साधा और दोनों के बीच समानताएं गिनाईं. उन्होंने वेशभूषा का स्वांग, दुर्रवचनी जुबान और भगवान राम-कृष्ण का सार्वजनिक रूप से अपमान करने जैसे आरोप लगाए.
.jpg)
No comments