ओंकारेश्वर। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रतिष्ठित भगवान ओंकारेश्वर की पावन नगरी में दीपावली के अवसर पर एक नया ऐतिहासिक और सांस्कृतिक अध्याय जुड़ गया। नर्मदा तट स्थित मार्कंडेय संन्यास आश्रम में ओंकारेश्वर का पहला भारत माता मंदिर बनाया गया है। रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने विधिवत लोकार्पण कर मंदिर को श्रद्धालुओं और राष्ट्रभावना से जुड़े लोगों को समर्पित किया।
इस अवसर पर दत्तात्रेय होसबाले ने सबसे पहले ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद उन्होंने ॐकार पर्वत स्थित आदि गुरु शंकराचार्य की विशाल प्रतिमा के दर्शन किए और नर्मदा तट पर स्थित मार्कंडेय संन्यास आश्रम पहुंचे। यहां दीपावली के पावन अवसर पर नवनिर्मित भारत माता मंदिर का लोकार्पण किया गया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि मां नर्मदा के पावन तट पर भारत माता मंदिर का शुभारंभ होना प्रसन्नता और गौरव का विषय है। यह क्षेत्र आदि गुरु शंकराचार्य की तपस्या, साधना और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ा हुआ है। नर्मदा के एक ओर आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा और दूसरी ओर भारत माता मंदिर का होना आध्यात्मिक चेतना एवं राष्ट्रीय भावना के अद्भुत संगम का प्रतीक है।
No comments