Header Ads

Header ADS

मध्य प्रदेश के नौ शहरों को राष्ट्रीय सम्मान,देश में सर्वाधिक पुरस्कार प्राप्त करने वाला राज्य बना

 


भोपाल। 

स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में मध्य प्रदेश ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस वर्ष प्रदेश के नौ शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। यह देश के किसी भी राज्य के लिए सर्वाधिक संख्या है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में प्रदेश के इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन, सागर, देवास, बुदनी और देपालपुर को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। समारोह में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अपर मुख्य सचिव संजय दुबे, आयुक्त संकेत भोंडवे, मिशन संचालक शिशिर गेमावत सहित नगर निगम आयुक्त और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

नवाचार और सतत प्रबंधन का मॉडल बना ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’

इस वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण में मध्य प्रदेश की सफलता बड़े महानगरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि छोटे और मध्यम शहरों ने भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ (मेंटर-मेंटी) मॉडल नवाचार की मिसाल बनकर उभरा है। इस श्रेणी में इंदौर (मेंटर) और देपालपुर (मेंटी) की जोड़ी ने दूसरा स्थान हासिल किया।

लगातार नौवीं बार राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करने वाले इंदौर ने मेंटर और देपालपुर ने मेंटी के रूप में काम किया। इंदौर के मार्गदर्शन में देपालपुर ने शत-प्रतिशत घर-घर कचरा संग्रहण, चार श्रेणियों में स्रोत पर कचरे का पृथक्करण और लीगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक उपचार कर भूमि को दोबारा उपयोग योग्य बनाने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। इससे बहुमूल्य भूमि को अतिक्रमण और प्रदूषण से मुक्त कराने में मदद मिली।

No comments

Powered by Blogger.