अयोध्या
रामनगरी अयोध्या में आज 10वें दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। सरयू नदी के तट पर लाखों दीयों की रोशनी से पूरी नगरी जगमगा उठी। इस अवसर पर 56 घाटों पर 30 लाख दीये प्रज्वलित किए गए। दीपोत्सव के दौरान शानदार आतिशबाजी, लेजर शो और ड्रोन शो ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों का मन मोह लिया।
राम की पैड़ी और सरयू घाट पर लेजर शो के माध्यम से रामायण के प्रसंगों का प्रदर्शन किया गया। वहीं, 2100 ड्रोन की मदद से आसमान में विशेष शो आयोजित हुआ। सरयू तट पर 2147 अर्चकों ने एक साथ महाआरती कर भव्य धार्मिक वातावरण बनाया। इसके बाद आतिशबाजी ने दीपोत्सव की रौनक को और बढ़ा दिया।
दीपोत्सव से पहले अयोध्या में करीब तीन घंटे तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें 21 झांकियां शामिल रहीं, जिनके माध्यम से रामायण के सातों कांडों का चित्रण किया गया। शोभायात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मुंबई, गुजरात और बिहार समेत देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु दीपोत्सव में शामिल होने अयोध्या पहुंचे हैं।
No comments