Header Ads

Header ADS

भारत ने तैयार की बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन, 20 को देश को करेंगे समर्पित मंत्री शिवराज चौहान

 


नई दिल्ली

 भारत ने बर्ड फ्लू के खिलाफ अपनी पहली स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर ली है। मुर्गियों को जानलेवा H5N1 वायरस से बचाने के लिए तैयार की गई इस वैक्सीन को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) ने इसे विकसित किया है। सरकार का मानना है कि इस वैक्सीन से देश में बर्ड फ्लू के प्रकोप को नियंत्रित करने और पोल्ट्री किसानों को होने वाले भारी आर्थिक नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, यह मुर्गियों के लिए विकसित निष्क्रिय H5N1 (क्लेड 2.3.2.1A) अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI) वायरस वैक्सीन है। भारत में इस विशेष क्लेड के खिलाफ विकसित यह अपनी तरह की पहली स्वदेशी वैक्सीन है। इसका उद्देश्य देश में फैल रहे H5N1 वायरस से मुर्गियों को सुरक्षा प्रदान करना है।

बर्ड फ्लू को वैज्ञानिक भाषा में अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI) कहा जाता है। यह मुर्गियों और अन्य पक्षियों को प्रभावित करने वाली गंभीर संक्रामक बीमारी है। इसके संक्रमण से पक्षियों की बड़े पैमाने पर मौत हो सकती है। बीमारी फैलने पर संक्रमित पक्षियों को मारना पड़ता है और व्यापार पर प्रतिबंध लगने से पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

मंत्रालय के अनुसार, वर्ष 2006 में भारत में पहली बार बर्ड फ्लू का मामला सामने आने के बाद से H5N1 और H5N8 उपप्रकारों के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं। इसका असर केवल पोल्ट्री फार्म तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वैश्विक व्यापार, पोल्ट्री उत्पादों की कीमतों और लाखों किसानों की आजीविका पर भी पड़ता है।

केंद्र सरकार के मुताबिक, बर्ड फ्लू का बड़ा प्रकोप भारत की जीडीपी वृद्धि को 1.5 प्रतिशत तक प्रभावित कर सकता है। यदि बीमारी पर समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया, तो देश की 20 प्रतिशत से अधिक पोल्ट्री आबादी के संक्रमित होने और उसे नष्ट करने की नौबत आ सकती है।

No comments

Powered by Blogger.