छत्तीसगढ़ DMF घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, 31.70 करोड़ की संपत्ति कुर्क,
रायपुर।
छत्तीसगढ़ में जिला खनिज न्यास निधि (DMF) के करोड़ों रुपये के कथित घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी के रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय ने छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम (बीज निगम) के माध्यम से डीएमएफ की राशि के दुरुपयोग और मनी लांड्रिंग की जांच के दौरान करीब 31.70 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क कर ली हैं।
क्या है पूरा डीएमएफ घोटाला
ईडी की जांच में सामने आया है कि खनन प्रभावित क्षेत्रों और वहां रहने वाले लोगों के कल्याण एवं विकास के लिए निर्धारित डीएमएफ की राशि का सुनियोजित तरीके से दुरुपयोग किया गया। इस पूरे मामले में सरकारी अधिकारियों, एजेंटों और बिचौलियों का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय था। इस नेटवर्क ने डीएमएफ की राशि से ऐसे कामों को प्राथमिकता दिलाई, जिनमें निर्माण और जनकल्याण के बजाय सामान की आपूर्ति से जुड़े कार्य अधिक थे। इसके लिए चुनिंदा कंपनियों और फर्मों को फायदा पहुंचाया गया। खरीद की कीमतें बढ़ाकर दिखाई गईं और सरकारी धन से बड़े पैमाने पर अवैध कमीशन वसूला गया।
35 करोड़ की अपराध से अर्जित संपत्ति चिह्नित
ईडी ने अपनी जांच में आरोपितों से जुड़ी अपराध से अर्जित संपत्ति यानी प्रोसीड्स ऑफ क्राइम की राशि करीब 35 करोड़ रुपये आंकी है। इसके विरुद्ध 31.70 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की गई हैं। एजेंसी के अनुसार, इस मामले में अब तक चार आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें आइएएस अधिकारी रानू साहू भी शामिल हैं। ईडी इस प्रकरण में अब तक कुल करीब 50 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क कर चुकी है।
No comments