Header Ads

Header ADS

ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास ट्रक ने श्रद्धालुओं को रौंदा, 14 की मौत

 


ग्वालियर 

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा रात करीब 1:30 बजे छिनोर की ओर से आने वाली सड़क पर हुआ। नवरात्रि के चलते मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे थे। इसी दौरान धान से लदा एक बेकाबू ट्रक श्रद्धालुओं को कुचलते हुए मंदिर के गेट और बाहरी दीवार से जा टकराया।

ग्वालियर के एसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, छिनोर की ओर से आने वाली सड़क पर ढलान है और वहां भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। इसके बावजूद धान से लदा ट्रक पुलिस बैरिकेड्स तोड़कर नीचे की ओर आ गया। ट्रक की चपेट में आने से कई श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे में मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। एसपी ने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। पांच से छह घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

सीएसपी को हटाया, आठ पुलिसकर्मी निलंबित

 भीषण सड़क हादसे के बाद राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर झांसी रोड सीएसपी रवि भदौरिया को हटा दिया गया है। वहीं, तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता

 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर घायलों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर के रहने वाले हैं। 

No comments

Powered by Blogger.