Header Ads

Header ADS

पीएम मोदी ने अफ्रीकी नेताओं से की द्विपक्षीय वार्ता, भारत-अफ्रीका सहयोग को नई गति देने पर जोर


 नई दिल्ली। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर अफ्रीकी संघ (एयू) के अध्यक्ष और बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्त नदायिशिमिये, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा और नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति काशिम शेट्टिमा मुस्तफा के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें कीं। इस दौरान भारत के इन देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य, कृषि, रक्षा, ऊर्जा, डिजिटल तकनीक और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री मोदी और बुरुंडी के राष्ट्रपति तथा अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष एवरिस्त नदायिशिमिये ने भारत-अफ्रीका साझेदारी को ग्लोबल साउथ के बीच सहयोग का महत्वपूर्ण स्तंभ बताया। दोनों नेताओं ने 2023 में भारत की जी20 अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकी संघ को जी20 में शामिल कराने में भारत की भूमिका को याद किया और आपसी सुविधा के अनुसार चौथे भारत-अफ्रीका फोरम समिट (आईएएफएस-IV) के जल्द आयोजन पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने इबोला प्रकोप से सफलतापूर्वक निपटने के लिए अफ्रीकी संघ के नेतृत्व की सराहना की। वहीं, एयू अध्यक्ष ने प्रकोप को नियंत्रित करने में अफ्रीका सीडीसी की मदद के लिए भारत की ओर से दिए गए चिकित्सा सहयोग की सराहना की। दोनों नेताओं ने भारत और बुरुंडी के बीच संबंधों की भी समीक्षा की। विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों के रिश्ते गर्मजोशी, एकजुटता और साझा विकास आकांक्षाओं से परिभाषित होते हैं। बातचीत में आर्थिक सहयोग, विकास साझेदारी, कृषि आधुनिकीकरण, स्वास्थ्य सेवा और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा हुई।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी ने दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के साथ भारत-दक्षिण अफ्रीका रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में हुए सहयोग की प्रगति पर संतोष जताया और बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

दोनों नेताओं ने कहा कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच लंबे समय से चले आ रहे करीबी संबंध साझा ऐतिहासिक संघर्षों, मजबूत सांस्कृतिक जुड़ाव, व्यापक आर्थिक संबंधों और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे संपर्क पर आधारित हैं। उन्होंने साझा हितों से जुड़े कई वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की और बहुपक्षीय मंचों पर करीबी समन्वय जारी रखने पर सहमति जताई।

No comments

Powered by Blogger.