बिहार के छात्रों के लिए खुशखबरी, B.Ed. की खाली सीटों पर सीधा एडमिशन, 18 को खुलेगा पोर्टल
मुजफ्फरपुर।
बीएड में नामांकन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण मौका है। राज्य स्तरीय बीएड (CET-B.Ed. एवं शिक्षा शास्त्री) 2026 की बची हुई सीटों पर अब सीधे नामांकन का रास्ता खुल गया है। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय ने इंस्टेंट ऑनलाइन एडमिशन राउंड की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत रिक्त सीटों पर नामांकन First Come, First Served के आधार पर होगा। पोर्टल 18 सितंबर को ठीक सुबह 11 बजे खुलेगा और 22 सितंबर की शाम सात बजे तक प्रक्रिया चलेगी।
इस विशेष चरण में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने पहले काउंसलिंग के लिए सफलतापूर्वक पंजीकरण कराया था। काउंसलिंग पोर्टल पर उपलब्ध कॉलेजों और विषयों की रिक्त सीटें ड्रॉप-डाउन बॉक्स में दिखाई जाएंगी। अभ्यर्थी अपनी पसंद की सीट का चयन कर सकेंगे।
सीट चुनने के बाद अभ्यर्थी को 15 मिनट के भीतर 3,000 रुपये का गैर-वापसी योग्य सीट आरक्षण शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। जो अभ्यर्थी पहले भुगतान की प्रक्रिया पूरी करेगा, सीट उसके नाम आरक्षित हो जाएगी। तय समय में भुगतान नहीं होने पर चयनित सीट स्वत: रद्द होकर दूसरे अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध हो जाएगी।
No comments