Header Ads

Header ADS

भैयाजी जोशी राम मंदिर के संगठन संरक्षक की अहम जिम्मेदारी से मुक्त


अयोध्या 

राम मंदिर में हुए बहुचर्चित चढ़ावा चोरी कांड के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बड़े पैमाने पर ‘ऑपरेशन क्लीन’ और बदलावों का दौर जारी है। व्यवस्थाओं को पारदर्शी बनाने के लिए ट्रस्ट के अहम पदों पर काबिज दिग्गजों की एक के बाद एक छुट्टी हो रही है। महासचिव चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्र और गोपाल राव के दायित्वों में बदलाव के बाद अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कद्दावर नेता भैयाजी जोशी पर भी गाज गिरी है। उन्हें राम मंदिर के संगठन संरक्षक (पालक) की अहम जिम्मेदारी से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया गया है।

 संघ के दिग्गज पदाधिकारी भैयाजी जोशी अब राम मंदिर के पालक की भूमिका में नजर नहीं आएंगे। इससे पहले वह ट्रस्ट की सभी महत्वपूर्ण बैठकों में एक आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल होते थे। उनका मुख्य काम संघ और राम मंदिर ट्रस्ट के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था। अब उनके दायित्व से मुक्त होने के बाद ट्रस्ट और संगठन के बीच तालमेल बैठाने के लिए नए पालक की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

भैयाजी जोशी के हटने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर राम मंदिर का नया संगठन संरक्षक कौन होगा? जानकारी के मुताबिक, इस अहम और बड़ी जिम्मेदारी के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक वरिष्ठ प्रचारक के नाम पर सबसे ज्यादा मंथन चल रहा है। सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में कार्यरत एक वरिष्ठ और दिग्गज प्रचारक इस रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। हालांकि, अभी तक इस पर ट्रस्ट या संघ की तरफ से कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।

No comments

Powered by Blogger.