भारी बारिश से बिगड़े हालात, 3 दिन में बचाव कार्यों से 527 लोगों की बचाई गई जान
भोपाल।
मध्य प्रदेश में बीते तीन दिन से लगातार हो रही तेज बारिश से कई जिलों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। नदी-नाले उफान पर हैं, जिसके चलते कई गांवों का शहरों से संपर्क टूट गया है। बारिश और बाढ़ के बीच आमजनों को राहत पहुंचाने का कार्य भी जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, रेस्क्यू टीमों ने अभी तक 527 लोगों की जान बचाई है।
इधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल में राज्य आपदा कमान एवं नियंत्रण केंद्र के सिचुएशन रूम पहुंचकर प्रदेश में अतिवृष्टि, जलभराव और बाढ़ की स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर जल भराव और बाढ़ की स्थिति से लोगों को बचाने के लिए चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली तथा प्रभावितों और रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे कर्मचारियों और स्थानीय जन से वर्चुअली संवाद किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एसडीआरएफ, पुलिस और होमगार्ड की त्वरित कार्यवाही के परिणाम स्वरुप 527 लोगों की जान बचाई जा सकी। यह पुलिस- होमगार्ड के कार्य और सेवा भाव का स्वर्णिम पक्ष है। मुख्यमंत्री ने बचाव कार्य में लगे स्थानीय लोगों की पहल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि लोगों की जान बचाने वालों को पुरस्कृत करने की व्यवस्था की जाएगी।
प्रदेश के डैम और तालाबों का जलस्तर भी बढ़ा
लगातार बारिश से प्रदेश के डैम और तालाबों का जलस्तर भी बढ़ा है। भोपाल के बड़े तालाब में एक दिन में करीब पौन फीट पानी बढ़ा और जलस्तर 1663 फीट पहुंच गया। नर्मदा के उफान पर होने से इंदिरा सागर और ओंकारेश्वर डैम का जलस्तर भी बढ़ा है। वहीं, उमरिया के जोहिला और आगर-मालवा के कुंडालिया डैम से पानी छोड़ा जा रहा है।
.jpg)
No comments