Header Ads

Header ADS

मोहन कैबिनेट की अहम बैठक, कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर


शाम को निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव का करेंगे शुभारंभ, पर्यटन विभाग की भी करेंगे समीक्षा

 भोपाल

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मंगलवार का दिन पूरी तरह प्रशासनिक और विकास कार्यों को समर्पित रहेगा। मुख्यमंत्री सुबह से लेकर शाम तक मंत्रालय में लगातार बैठकों, समीक्षा और विभागीय चर्चाओं में हिस्सा लेंगे। दिन का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम सुबह 11 बजे मंत्रालय में आयोजित राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक होगी, जिसमें प्रदेश के विकास, अधोसंरचना, निवेश, जनकल्याण और विभिन्न विभागों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर निर्णय लिए जाने की संभावना है।

मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (इंटेलिजेंस) एवं आयुक्त जनसंपर्क से समसामयिक विषयों पर ब्रीफिंग लेंगे। इसके बाद 10:55 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे और 11 बजे कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री मंत्रालय में विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे, जबकि 1:30 बजे जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक में विभाग की प्रमुख योजनाओं, पर्यटन स्थलों के विकास, निवेश प्रस्तावों तथा आगामी परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करेंगे। माना जा रहा है कि प्रदेश में पर्यटन को नई गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।

शाम 4 बजे मुख्यमंत्री अपने निवास पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 5:15 बजे निशातपुरा रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होंगे, जहां 5:30 बजे आयोजित कार्यक्रम में मालवा एक्सप्रेस और वेरावल एक्सप्रेस  के निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव का शुभारंभ करेंगे।

रेलवे के इस निर्णय से भोपाल के उत्तर एवं पूर्वी क्षेत्र के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें मुख्य भोपाल रेलवे स्टेशन तक जाने की आवश्यकता कम होगी और निशातपुरा स्टेशन से ही प्रमुख ट्रेनों की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे यात्रियों का समय और यात्रा व्यय दोनों की बचत होगी तथा क्षेत्र के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से भी मंगलवार का दिन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर कैबिनेट बैठक में कई नीतिगत फैसले लिए जाने की संभावना है, वहीं दूसरी ओर रेलवे सुविधा के विस्तार के माध्यम से प्रदेश सरकार आम जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और कदम बढ़ाएगी। मुख्यमंत्री देर शाम कार्यक्रमों के पश्चात अपने निवास लौटेंगे।

No comments

Powered by Blogger.