NEET-UG पेपरलीक मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, याचिका में NTA को हटाने की मांग
नई दिल्ली
नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। दायर याचिका में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी को हटाकर नई संस्था गठित करने की मांग की गई है। साथ ही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से चार सप्ताह के भीतर स्थिति रिपोर्ट मांगे जाने की भी अपील की गई है।
यह याचिका फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (फैमा) की ओर से दायर की गई है। याचिका में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी में व्यापक सुधार और न्यायालय की निगरानी में परीक्षा दोबारा कराने की मांग की गई है।
याचिकाकर्ता की प्रमुख मांगों में कहा गया है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी को या तो पूरी तरह बदल दिया जाए या उसमें बड़े स्तर पर सुधार कर एक नई, मजबूत, आधुनिक और स्वतंत्र संस्था बनाई जाए। याचिका में नीट-यूजी 2026 परीक्षा दोबारा आयोजित कराने की अपील भी की गई है।
याचिका के अनुसार, दोबारा होने वाली परीक्षा की निगरानी न्यायालय द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति करे। समिति की अध्यक्षता सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश को सौंपने की मांग की गई है। इसके साथ ही समिति में एक साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ और एक न्याय वैज्ञानिक को शामिल करने का भी सुझाव दिया गया है।

No comments