Header Ads

Header ADS

नॉर्वे के अखबार ने पीएम मोदी को बताया दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता


नई दिल्ली। 

 नॉर्वे के प्रमुख बिजनेस समाचारपत्र ‘दा-गन्स नैरीस्लिव’ (डीएन) ने भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय राजनेता बताया है। अखबार ने नॉर्डिक देशों के प्रधानमंत्रियों को सलाह दी है कि उन्हें पीएम मोदी से नेतृत्व और जनसमर्थन हासिल करने के कई पहलुओं को सीखना चाहिए।

18 मई को नॉर्वे दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 18 मई को नॉर्वे की यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान उनका स्वागत नॉर्वे के किंग हैरल्ड करेंगे। पीएम मोदी भारतीय समुदाय से मुलाकात करेंगे और भारत-नॉर्डिक प्रधानमंत्रियों की बैठक में भी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने पर भी चर्चा होने की संभावना है।

नॉर्डिक नेताओं को पीएम मोदी से सीखने की सलाह

पीएम मोदी की नॉर्वे यात्रा से पहले प्रकाशित लेख में डीएन ने लिखा, “नॉर्डिक देशों के प्रधानमंत्रियों को ध्यान से सुनना चाहिए। उन्हें अपने भारतीय समकक्ष से बहुत कुछ सीखने की आवश्यकता है।”

लेख में कहा गया कि जहां नॉर्डिक देशों के प्रधानमंत्रियों की घरेलू लोकप्रियता लगभग 30% तक सीमित है, वहीं पीएम मोदी की लोकप्रियता करीब 70% है। अखबार के अनुसार, किसी भी बड़े देश का नेता अपने देश में पीएम मोदी जितना लोकप्रिय नहीं है।

आर्थिक विकास और मजबूत नेतृत्व का उल्लेख

समाचारपत्र ने लिखा कि पीएम मोदी पिछले 12 वर्षों से अधिक समय से सत्ता में हैं और यदि वे दोबारा चुनाव लड़ते हैं तो उनके पुनर्निर्वाचन की संभावना मजबूत दिखाई देती है। लेख में उनकी लोकप्रियता का श्रेय तेज आर्थिक विकास, प्रभावशाली विचारधारा, मजबूत राजनीतिक संगठन और उनकी व्यक्तिगत जीवन यात्रा को दिया गया।

अखबार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए लिखा कि दुनिया के अधिकांश नेता संपन्न या उच्च मध्यम वर्गीय परिवारों से आते हैं, जबकि पीएम मोदी का जीवन संघर्षों से भरा रहा है और उनकी यात्रा बेहद अलग तथा प्रेरणादायक मानी जाती है।

No comments

Powered by Blogger.