रायसेन में 11–13 अप्रैल तक राष्ट्रीय ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ का आयोजन
भोपाल।
रायसेन में 11–13 अप्रैल तक राष्ट्रीय ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। मेले का शुभारंभ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं मुख्यमंत्री मोहन यादव के द्वारा किया जाएगा । 13 अप्रैल को समापन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा किया जाएगा। तीन दिनों तक आयोजित इस महोत्सव में 20 विषयों पर विशेष सत्र होंगे।
भोपाल में पत्रकारों को जानकारी देते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्नत कृषि महोत्सव केवल एक मेला नहीं, बल्कि किसानों के लिए आधुनिक कृषि का एक बड़ा प्रशिक्षण मंच है। मेले के माध्यम से खाद्य सुरक्षा, किसानों की आय बढ़ाने और पोषण सुरक्षा पर फोकस किया जाएगा।
छोटी जोत की चुनौती, समाधान के रूप में इंटीग्रेटेड फार्मिंग
चौहान ने कहा कि छोटी जोत में खेती को लाभकारी बनाना और आय बढ़ाना बड़ी चुनौती है। उन्होंने याद दिलाया कि सहकारी खेती का प्रयोग पहले हुआ, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिली, ऐसे में अब मंत्रालय का फोकस इंटीग्रेटेड फार्मिंग (समेकित कृषि प्रणाली) पर है।
शिवराज ने बताया कि सरकार ने एक हेक्टेयर के मॉडल तैयार किए हैं, जिनमें किसान एक ही जमीन पर अनाज, फल, सब्जियाँ, पशुपालन, मधुमक्खी पालन, मछली पालन और कृषि वानिकी जैसी एक से अधिक गतिविधियाँ एक साथ कर सकेगा।
कृषि रोडमैप होगा तैयार
कृषि मंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में सीहोर, विदिशा, रायसेन और देवास जिलों के लिए एक विशेष कृषि रोडमैप तैयार किया गया है, जिसे 12 अप्रैल को किसानों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें स्थानीय मिट्टी, जलवायु और तापमान के अनुसार उपयुक्त फसलें, उनकी किस्में और हॉर्टिकल्चर के विकल्प शामिल हैं।

No comments