भीषण बाढ़ में फ़सल गंवाने वाले किसानों को दो लाख क्विंटल गेहूँ का बीज मुफ़्त देगी मान सरकार
चंडीगढ़ ।
पंजाब की भगवंत मान सरकार ने भीषण बाढ़ के दौरान लगभग पांच लाख एकड़ ज़मीन पर अपनी फ़सल गंवाने वाले किसानों को दो लाख क्विंटल गेहूँ का बीज मुफ़्त देने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल की बाढ़ में राज्य के अन्न उत्पादकों को भारी नुकसान हुआ है और उन्हें 74 करोड़ रुपये मूल्य का यह दो लाख क्विंटल बीज मुफ़्त उपलब्ध कराया जाएगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि मेहनती किसानों ने देश को अन्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाई है। इसलिए राज्य सरकार इस संकट की घड़ी में किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें संकट से बाहर निकालने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आगामी रबी सीजऩ की फ़सल के लिए गेहूँ का बीज मुफ़्त उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकार की ओर से बाढ़ से हुई तबाही के कारण किसानों को पेश आई मुश्किलों को कम करने की एक छोटी-सी कोशिश है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन भीषण बाढ़ों से हुई बड़े पैमाने की तबाही का अंदाज़ा भी नहीं लगाया जा सकता क्योंकि पंजाब ने पहले कभी इतना नुकसान नहीं देखा।
.jpg)
No comments