दिल्ली हम जीत गए हैं, अब बिहार चुनाव की बारी है - जेपी नड्डा
नई दिल्ली।
पूर्वांचल मोर्चा की ओर से बिहार दिवस पर आयोजित एक भारत श्रेष्ठ भारत स्नेह मिलन कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा शामिल हुए। इस दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि दिल्ली में अमावस्या का समय था। अंधेरे का माहौल था जिससे दिल्ली विकास नहीं, विनाश के रास्ते की ओर बढ़ रहा था। लेकिन दिल्ली वालों ने भाजपा के नेतृत्व को मौका दिया और अब यह नई दिशा और उज्जवल भविष्य की ओर बढ़ने लगा है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील भी की दिल्ली हम जीत गए हैं, अब बिहार चुनाव की बारी है।
नड्डा ने कहा कि जहाँ पूर्वांचल चल पड़ता है वहां देश आगे बढ़ता है। इतिहास इस बात का गवाह है कि चाणक्य की भूमि बिहार रही है तो महात्मा गांधी और लोकनायक का आंदोलन भी बिहार की भूमि से ही शुरू हुआ है। विश्व को प्रजातंत्र की सीख भी बिहार की भूमि से मिली है। उन्होंने कहा कि दुनिया के किसी भी कोने में जायें...हमें मैथिली, मगही या भोजपुरी बोलने वाले मिल जाएंगे। ईमानदारी से अपने काम को करने की ताकत इसी बिहार की धरती के लोगों में हैं।
राजद पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि बढ़ते हुए बिहार को लालू राज ने डूबता हुआ बिहार बना दिया था। एक समय ऐसा आया था कि शाम 5 बजे के बाद लोगों का बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया था। उन्होंने कहा कि अपने बचपन के दौरान मैंने गंगा किनारे गांधी सागर सेतु को बनते हुए देखा है, निर्माण कार्य कई दशकों तक चलता रहा। आज बिहार में गंगा किनारे मरीन ड्राइव बन चुका है। सड़क और रेल के बड़े ब्रिज बन चुके हैं।
No comments